बरेली रोड पर पुरानी आईटीआई के समीप सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार पुजारी को रौंद दिया। पुजारी की घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर भाग निकला।
गुस्साए लोगों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने बलपूर्वक लोगों को हटाकर ट्रक को अपने कब्जे में लिया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
दयाल विहार आरटीओ रोड निवासी विनोद जोशी अस्थायी तौर पर कालू सिद्ध मंदिर और पटेल चौक स्थित मंदिर में पूजा पाठ कराते थे। सोमवार रात पुजारी अपनी स्कूटी (यूके 04 टी 1340) से लालकुआं से पूजापाठ कर लौट लौट रहे थे। इस बीच पीछे से आ रहे ट्रक (यूपी 25 जी 8978) ने पुजारी को रौंद दिया।
हादसे में स्कूटी छिटक गयी। पुजारी की घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाल आर एस मेहता फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच कुछ लोग उत्तेजित होकर ट्रक के सामने खड़े हो गए।
गुस्साए लोगों ने कुछ देर तक हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस जाम हटाने के लिए परेशान हो गई। पुलिस ने किसी प्रकार शव को मोर्चरी भेजा। पुलिस ने बल पूर्वक लोगों को हटाकर ट्रक को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस की पूछताछ से पता चला कि पुजारी के दो बच्चे हैं। पुलिस इस मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। बरेली रोड पर हादसे के बाद काफी लोग हंगामा करने के लिए सड़क पर इकट्ठा हो गए लेकिन पुलिस के बुलाने पर कोई शव उठाने के लिए आगे नहीं आया।
पुलिसकर्मियों ने शव को उठाकर टेंपो में लादा। हादसे में स्कूटी के आगे की दोनों डिपर लाइट टूट गई। स्कूटी में सामान भी रखा था। संभावना है कि पुजारी कुछ सामान खरीदकर लौट रहे थे।