गरमपानी। बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट स्थित चौक बाजार किनारे खड़ी एक स्कूटी को अज्ञात व्यक्ति ने सोमवार की देर रात साढ़े दस बजे आग लगा दी। आग लगने से स्कूटी जलकर राख हो गई। वहीं पास में खड़ी कार और बाइक को भी नुकसान पहुंचा है।
तल्लाकोट निवासी तुसार सिंह की स्कूटी रोजाना की तरह बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी थी। बुधवार की रात 10.30 बजे अज्ञात व्यक्ति ने उसमें आग लगा दी। आग से स्कूटी जलकर राख हो गई। देर रात आग लगी देख ग्रामीणों ने शोर मचाया और आग को बुझाने की कोशिश की। तब तक स्कूटी जल चुकी थी। आग लगने की सूचना के बाद बेतालघाट थाने के सिपाही दिलीप कुमार, राधेश्याम लोनी और राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर छानबीन कर ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया की तल्लाकोट को जाने वाले रास्ते में लकड़ी के ढेर में भी आग लगाई गई थी। जिसे ग्रामीणों ने समय रहते बुझा लिया था। तल्लाकोट के प्रधान पति जगमोहन सिंह जलाल ने बताया कि उनकी कार और गांव के बची सिंह की बाइक को भी काफी नुकसान पहुंचा है। मल्लाकोट के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरीश सिंह, बादरकोट के प्रधान लाभांशु पिनारी और तल्लाकोट के प्रधानपति जगमोहन सिंह जलाल ने पुलिस से आरोपी को पकड़ने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र शराब के बढ़ते प्रचलन से भी घटनाओं के बढ़ने का अंदेशा जताया है। थानाध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। साथ ही पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।