जसपुर। मुस्लिम छीपी वेलफेयर सोसायटी के सदर ने नियमानुसार बिरादरी के एक परिवार को विवाह में स्पीकर बजाने से मना कर दिया।
इस पर परिवार के लोग कई युवकों के साथ बिरादरी के सदर के घर पहुंच गए। इससे आक्रोशित सदर ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। युवक के माफी मांगने के बाद मंगलवार को देर शाम मामला शांत हुआ।
17 अगस्त को सदर हाजी नफीस अहमद को सूचना मिली कि नगर क्षेत्र निवासी बिरादरी के एक परिवार में विवाह समारोह का कार्यक्रम चल रहा है। उसमें परिवार के लोग तेज आवाज में गाने बजा रहे हैं जो कि बिरादरी के नियमों के खिलाफ है।
सदर ने फोन पर परिवार से संपर्क कर स्पीकर न बजाने का आह्वान किया। आरोप है कि इस बात को लेकर परिवार आक्रोशित हो गया और देर रात युवकों के साथ सदर के घर पहुंचकर अभद्रता की। मोहल्ले वालों के बीच-बचाव के बाद युवक वहां से चले गए। सदर ने घटनाक्रम की एक तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की।
बिरादरी के अन्य जिम्मेदार भी कोतवाली पहुंच गए। तभी मंगलवार देर शाम पालिकाध्यक्ष मो. नौशाद सम्राट आदि कई संभ्रांत लोगों के कहने पर आरोपी युवक ने बिरादरी के सदर से लिखित माफी मांगी। तब मामला शांत हुआ। वहां पर मो.इस्लाम, खादिम अली, मो.कासिम, साजिद अली आदि थे।