हल्द्वानी। अब तक आपने अल्मोड़ा की बेटी और अभिनेत्री रूप दुर्गापाल का केवल एक्टिंग टैलेंट देखा होगा, पर अब रूप वियतनाम में सिंगिंग टैलेंट दिखाती नजर आएंगी। वियतनाम की राजधानी हनोई में धारावाहिक बालिका वधू की ‘सांची’ को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। जहां वे अपने इस टैलेंट को दुनिया के सामने रखेंगी।
इन दिनों ‘प्यार के कुछ रंग ऐसे भी’ में नताशा गुजराल का किरदार निभा रहीं रूप दुर्गापाल सीरियल ‘बालिका वधू’ में सांची का किरदार निभाकर सुर्खियों में आई थीं। अमर उजाला से बातचीत में रूप ने बताया कि वियतनाम में सीरियल बालिका वधू में ‘सांची’ को काफी पसंद किया जा रहा है।
तो वहां का प्रोडक्शन हाउस चाहता है कि मैं जुलाई में वियतनाम की राजधानी हनोई और वहां के शहर हो ची मिन में जाकर दर्शकों से मिलूं। इसके अलावा हनोई में एक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें मैं गाना गाते हुए नजर आऊंगी।
रूप दुर्गापाल ने बताया कि मुझे गाने का बचपन से ही शौक रहा है, लेकिन इतने बड़े मंच के सामने मैं पहली बार परफार्म करती नजर आऊंगी। इसे लेकर मैं काफी एक्साइटेड हूं। उन्होंने बताया कि दर्शकों के घर में जाकर सरप्राइज विजिट की भी योजना है। इस दौरान में दर्शकों के घर जाकर उन्हें गिफ्ट भी दूंगी।