नैनीताल। मौसम में बदलाव के साथ बुखार और श्वसन संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बीडी पांडे जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों बुखार, खांसी, गले में खराश और वायरल संक्रमण के लक्षण वाले मरीज पहुंच रहे हैं। सीजनल इन्फ्लूएंजा और श्वसन तंत्र संबंधी रोगों की संभावित वृद्धि को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में सतर्कता बढ़ा दी है।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और डॉक्टरों व स्टाफ को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के लिए कहा है। साथ ही आवश्यक दवाओं, चिकित्सा सामग्री, ऑक्सीजन और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। श्वसन संबंधी लक्षण वाले मरीजों की समय पर जांच और उपचार के साथ ही गंभीर मरीजों को आवश्यकता के अनुसार उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने के लिए कहा गया है। बीडी पांडे अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ एमएस दुग्ताल ने लोगों से बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, बदन दर्द और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की है।