यातायात का बढ़ता दबाव, पार्किंग की समस्या और शहर को गंदगी से निजात दिलाने को वित्त मंत्री ने खाका तैयार कराया है। 140 करोड़ रुपए से एक साल के भीतर शहर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनने के साथ ही रिंग रोड के लिए जल्द सर्वे होगा।
वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश ने बृहस्पतिवार को अमर उजाला से बातचीत में शहर के विकास की पूरी योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि शहर बेहद कंजेस्टेड होने लगा है। अब एक ऐसी सड़क की जरूरत है जो उन लोगों का आवागमन सुचारु कर सके, जिन्हें हल्द्वानी आने की जरूरत नहीं है। इससे हल्द्वानी में भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा। लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए जल्द ही एक रिंग रोड का निर्माण कराया जाएगा। एडीबी के विशेषज्ञों से शीघ्र ही रिंग रोड का सर्वे कराया जाएगा।
डा. हृदयेश ने बताया कि पार्किंग शहर की सबसे बड़ी समस्याओं में एक है। शहर में पार्किंग और नो पार्किंग जोन बनाने के लिए एक माह पहले पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता बीसी बिनवाल को निर्देश दिए थे, मगर उन्होंने अब तक यह काम पूरा नहीं किया है। इस बात से वित्त मंत्री नाराज भी हैं। पार्किंग और नो पार्किंग जोन बनने से लोगों को आड़े-तिरछे खड़े होने वाले वाहनों से निजात मिलेगी। नो पार्किंग जोन में खड़े होने वाले वाहनों पर एक हजार रुपए जुर्माने का प्रावधान होगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जुर्माना लगने पर कृपया सिफारिश लेकर न आएं क्योंकि व्यवस्था बिगाड़ने के नाम पर मदद करना कठिन होगा।
उन्होंने बताया कि 60 दिनों के भीतर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की डीपीआर (डिटेज प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनकर तैयार हो जाएगी। मेन लाइन और ट्रंक लाइन के लिए सर्वे शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। प्लांट के लिए 140 करोड़ रुपए स्वीकृत हो गए हैं। एक साल के भीतर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा।
फ्री-होल्ड के लिए जल्द लगेगा कैंप
फ्री-होल्ड भूमि के लिए कैंप लगाने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए गए हैं। फ्री-होल्ड के लिए 25 प्रतिशत या पूरी धनराशि जमा कर चुके लोग रसीद की एक प्रति मेरे कार्यालय में जमा कर सकते हैं। कैंप में ऐसे मामलों का निस्तारण तत्काल होगा।
कैंसर इंस्टीट्यूट के बगल का नाला होगा कवर
कैंसर इंस्टीट्यूट के बगल के नाले को कवर किया जाएगा। नाला कवर होने से सड़क की चौड़ाई बढ़ने से लोगों को आने-जाने में सहूलियत होगी। वित्त मंत्री ने लोनिवि के मुख्य अभियंता बीसी बिनवाल को एक सप्ताह के भीतर नाले को कवर करने संबंधी इस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए हैं। डा. हृदयेश ने कहा कि जरूरत पड़ी तो कैंसर इंस्टीट्यूट की एक फिट जमीन भी ली जा सकती है।
तीन दिन हल्द्वानी में बैठेंगे सीएमओ
वित्त मंत्री ने कहा कि सीएमओ तीन दिन हल्द्वानी में बैठेंगे। सीएमओ को मौखिक तौर पर कहा गया था, मगर उसका अनुपालन नहीं हो पाया है। सीएमओ के हल्द्वानी बैठने संबंधी आदेश शासन से करा दिए जाएंगे।
गर्मियों से पहले लग जाएंगे स्टेबलाइजर
बेहतर पेयजल व्यवस्था और नलकूप की मोटर फुंकने के झंझट से उपभोक्ताओं को निजात दिलाई जाएगी। वित्त मंत्री ने कहा कि गर्मियां शुरू होने से पहले नौ करोड़ रुपए से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के नलकूपों में स्टेबलाइजर लगाए जाएंगे।
पाइप लाइन से पहुंचेगी घरों तक गैस
पाइप लाइन से घरों तक रसोई गैस पहुंचाने की योजना यूपीए सरकार में स्वीकृत हुई थी। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने योजना को स्वीकृति दे दी थी। गैस पाइप लाइन काशीपुर तक पहुंच गई है। काशीपुर में तीन पावर प्लांटों में गैस से बिजली बननी थी, मगर गैस न मिलने के कारण पावर प्लांट शुरू नहीं हो सके, जबकि एक पेपर मिल को पाइप लाइन से गैस की सप्लाई की जा रही है। रुद्रपुर में सिडकुल में बजाज और नेस्ले फैक्ट्री तक भी पाइप लाइन से गैस सप्लाई हो रही है। वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से बात कर गैस पाइप लाइन जल्द हल्द्वानी तक पहुंचवाने का प्रयास किया जाएगा।
इनसेट
फड़, ठेली और रिक्शों का न करें रजिस्ट्रेशन
हल्द्वानी। वित्त मंत्री ने संबंधित विभागों को आदेशित किया है कि फड़, ठेली और रिक्शों का रजिस्ट्रेशन अब न किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर में अब चलने की जगह नहीं बची है। शहर अब और यातायात का दबाव झेलने की स्थिति में नहीं है।
इनसेट
अंडर पास पर भी हो रहा है विचार
हल्द्वानी। वित्त मंत्री ने कहा कि बीचोंबीच सड़क पार करने वाले लोगों के लिए अंडर पास बनाने पर भी विचार हो रहा है। लोग सड़क के नीचे से होकर दूसरी ओर निकल सकें, जिससे यातायात बाधित न हो। उन्होंने कहा कि अंडर पास बनाने पर गंभीरता से विचार हो रहा है।