नैनीताल। पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक एवं राजस्व सेवा संघ के सदस्यों ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार किया। चेतावनी दी कि मांगों के समर्थन में बुधवार को भी कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर भुवन चंद्र जोशी ने कहा कि राजस्व पुलिस के अधीन आ चुके राजस्व गांव को मई 2025 तक पूरी तरह पुलिस को हस्तांतरित किया जाए। कहा कि लंबे समय से गांव सिविल पुलिस को दिए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन धरातल पर इस दिशा में सार्थक पहल नहीं की जा रही है।
उच्चाधिकारियों की ओर से अंश निर्धारण में अनावश्यक दबाव बनाकर वेतन रोकने का कार्य किया जा रहा है जो न्यायसंगत नहीं है।चेतावनी दी कि दो दिवसीय कार्य बहिष्कार के बावजूद उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों में अमित साह, शिव सिंह चौहान, राकेश सिंह, प्रवीण ह्यांकी, गौरव रावत, विनोद परगाई, सुरेश सनवाल, प्रकाश चंद्र, जया बिष्ट, जीसी जोशी, जीवन सिंह, उमेश चंद्र, प्रभात मेहरा, फईमुद्दीन, मो. शकील, गोविंद कैड़ा, रवि चंद्र पांडे, राजेंद्र सिंह आदि रहे।