फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भीमताल में अवैध बोरिंग करने पर रिजॉर्ट सील

विज्ञापन
विज्ञापन
भीमताल। नगर पंचायत के जून स्टेट वार्ड में स्थित द फर्न रिजॉर्ट में बिना अनुमति के बोरिंग होने पर ग्रामीणों के विरोध के चलते जिला प्रशासन ने बोरिंग वाले कमरे और रिजॉर्ट को सील कर दिया।
विज्ञापन

बुधवार को क्षेत्र के युवाओं ने द फर्न रिजॉर्ट के पास स्थित एक कमरे पर बिना अनुमति के बोरिंग होने की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी। सूचना पर सभासद दीपक आर्य (बंटी), चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ रौतेला, मंडल अध्यक्ष मनोज भट्ट, सभासद सुनीता पांडे समेत तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अवैध बोरिंग होने पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की। साथ ही अधिकारियों को सूचना दी। लोगों के विरोध करने की सूचना पर तहसीलदार नवाजिश खलिक ने रिजॉर्ट प्रबंधन से बोरिंग की अनुमति के दस्तावेज मांगे पर रिजॉर्ट प्रबंधन ने बोरिंग वाला क्षेत्र उनके रिजॉर्ट का न होने की बात कही तो ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने रिजॉर्ट सील करने को लेकर नारेबाजी की। लोगों के विरोध को देख तहसीलदार ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर उनके आदेश पर बोरिंग वाली जगह और रिजॉर्ट को अग्रिम आदेशों तक सील कर दिया। रिजॉर्ट में ठहरे सैलानियों और कर्मियों को वापस भेज दिया।
रिजॉर्ट प्रबंधन के लोग रिजॉर्ट को सील न करने की गुहार लगाते रहे लेकिन प्रशासन ने लोगों के विरोध के आगे उनकी एक नहीं सुनी। साथ ही लोगों ने कहा कि कमरे के अंदर किस मशीन से बोरिंग की गई इसकी जांच की जाए और बोरिंग करने वाले ठेकेदार पर भी कार्रवाई की जाए। लोगों ने कहा कि एक साल पूर्व भी उक्त रिजॉर्ट की ओर से ग्रामीणों के टैंक से अवैध रूप से पानी चोरी करने की शिकायत जलसंस्थान और थाने में की थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
विज्ञापन

चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया ने कहा कि जलसंस्थान और प्रशासन की मिली भगत से बाहर से आकर भीमताल में होटल और रिजॉर्ट खोलने वाले अवैध रूप से बोरिंग कर नगर क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए मोहताज कर रहे हैं। चनौतिया ने कहा कि वह 21 मार्च से लोगों के साथ पानी की समस्या को लेकर जलसंस्थान कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे। लोगों ने कहा कि भीमताल क्षेत्र में जिस तेजी से पानी की बोरिंग हो रही है उसी तेजी से क्षेत्र के जलस्रोत सूखते जा रहे हैं। इसको लेकर बुधवार को लोगों में रोष देखने को मिला। इस दौरान थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा, शरद पांडे, पंकज उप्रेती, भूपेंद्र कनौजिया, खीम सिंह रावत, विमल कुमार, अर्जुन सिंह, वैभव रावत, दीपांशु रावत, पवन भक्त, महेश चंद्र, संजय भक्त, मुकेश भक्त, नंदकिशोर भक्त, खीम सिंह, लक्ष्मण सिंह, खष्टी भक्त, आनंदी भक्त, निर्मला सती, जीवन पाल, पप्पू कुमार, राजेंद्र सिंह आदि थे। वहीं उक्त मामले में जब द फर्न रिजॉर्ट प्रबंधन से उनका पक्ष जानने की कोशिश की तो उन्होंने बृहस्पतिवार को रिजॉर्ट स्वामी के आने के बाद ही बयान देने की बात कही।
= द फर्न रिजॉर्ट में बिना अनुमति के बोरिंग होने पर बोरिंग वाले कमरे और रिजॉर्ट को अग्रिम आदेशों तक सील किया गया है। रिजॉर्ट स्वामी को नोटिस भेज सात दिन के अंदर बोरिंग करने को लेकर जवाब मांगा गया है। साथ ही जलसंस्थान और प्रशासन की मौजूदगी में बिना अनुमति के बोरिंग होने पर उसे बाहर निकालने की कार्रवाई की जाएगी। प्रतीक जैन, एसडीएम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें