नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत की ओर से विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों के पीएचडी शोधार्थियों एवं रिसर्च एसोसिएट्स के साथ ओपन हाउस संवाद आयोजित किया गया। शोधार्थियों ने विशेष रूप से पेयजल की नियमित उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति में व्यवधान, वाई-फाई कनेक्टिविटी की समस्या, शोध से संबंधित सॉफ्टवेयर प्रशिक्षण की जरूरत, फेलोशिप से जुड़े विलंब और प्रक्रियागत कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया गया।
बृहस्पतिवार को हुए संवाद में पीएचडी शोधार्थियों और रिसर्च एसोसिएट्स ने विश्वविद्यालय में शोध से जुड़ी शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर अनुभव साझा किए। कुलपति प्रो. रावत ने कहा गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए विश्वविद्यालय की कार्य संस्कृति में सुधार जरूरी है। प्रो. रावत ने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन शोध अनुकूल वातावरण के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। संवाद में सामने आई समस्याओं के समाधान के लिए ठोस एवं व्यावहारिक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का भविष्य उसके शोधार्थियों की गुणवत्ता, प्रतिबद्धता और नवाचार क्षमता पर निर्भर करता है।