हल्द्वानी। आंवला चौकी गेट के पास रेलवे और वन विभाग की भूमि पर बसे अतिक्रमणकारियों को रेलवे, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने खदेड़ दिया। टीम ने सरकारी जमीन पर बनीं करीब 24 झोपड़ियां और पक्के निर्माण ध्वस्त कर दिए।
गौजाजाली उत्तर में आंवला चौकी गेट के पास रेलवे पटरी से सटी वन विभाग और रेलवे की भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमणकारी झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। कुछ अतिक्रमणकारियों ने रेलवे के पिलरों से आगे निर्माण करना शुरू कर दिया था।
बृहस्पतिवार दोपहर को रेलवे, वन विभाग और बनभूलपुरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध पक्के निर्माण और झोपड़ियों को तोड़ दिया। टीम ने आंवला चौकी के गेट पर खोले गए खोखे को भी हटाया। इस कार्रवाई का अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया।
लेकिन पुलिस फोर्स ने लाठियां फटकार उन्हें खदेड़ दिया। गौजाजाली उत्तर के ग्राम प्रधान मनोज मठपाल ने कहा कि आंवला चौकी के गेट पर सात-आठ परिवार खाम की जमीन पर बैठे हैं। इनके अलावा बनीं झोपड़ियां अवैध हैं। रेलवे अधिकारी केएल पांडे ने बताया कि कुछ अतिक्रमणकारियों ने वन भूमि के साथ ही रेलवे के पिलरों के ऊपर अवैध निर्माण कर दिए थे। इस पर वन विभाग की टीम के साथ कार्रवाई की गई।
हल्द्वानी। गौजाजाली उत्तर और बिचली के कुछ लोगों ने कहा कि जिस तरह रेलवे की टीम ने आंवला चौकी गेट पर अवैध रूप से झोपड़ियां बनाकर रह रहे लोगों को खदेड़ा, ऐसी ही कार्रवाई गफूर बस्ती के खिलाफ भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आंवला गेट पर बनी झोपड़ियों में बाहर राज्यों के लोग बगैर सत्यापन रह रहे हैं। इस कारण क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं। कुछ ठेकेदार अवैध रूप से झोपड़ियां बनाकर गौला नदी के खनन मजदूरों को 300-400 रुपये किराये पर दे रहे हैं। उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।