नगीना कॉलोनी में पांच साल के मासूम की फ्रिज से पानी निकालते वक्त करंट लगने से मौत हो गई। अचानक हुई घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि परिजनों द्वारा एक दिन पहले ही दुकान से पुराना फ्रिज खरीदकर घर लाया गया था।
नगीना कॉलोनी निवासी महबूब हुसैन बुधवार शाम को नगर स्थित एक दुकान से सेकेंडहैंड फ्रिज खरीदकर लाया था। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह जैसे ही महबूब के बेटे मोहम्मद उमर (5) ने पानी लेने के लिए फ्रिज का दरवाजा खोला तो बच्चे को जोरदार करंट लग गया।
मोहम्मद उमर करंट के प्रवाह से जाकर गिर गया और अचेत हो गया। आननफानन में परिजन उसे बाइक से हल्द्वानी के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदहवास परिजन शव लेकर घर आ गए, लेकिन उन्हें फिर भी बेटे की मौत का यकीन नहीं हुआ।
इसके बाद 108 सेवा से परिजन फिर हल्द्वानी के ही एक और अस्पताल पहुंचे, लेकिन यहां भी डॉक्टरों ने वही जवाब दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मोहम्मद उमर अपने परिवार में एकलौता और चार बहनों के बाद सबसे छोटा बच्चा था।