हल्द्वानी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आतंकवाद और पाकिस्तान को भी चेताया। कहा कि भारत की ओर नजरें तिरछी कीं तो उसके गंभीर परिणाम होंगे।
राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आज ही के दिन पुलवामा में भारत के 40 जवान शहीद हुए थे। शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि इसका जवाब भारत ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक करके दिया था। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने एयर स्ट्राइक और आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाते हुए पूरी दुनिया को कड़ा संदेश दिया। एयर स्ट्राइक के बाद दुनिया का नजरिया भारत के लिए बदला है।
उन्होंने कहा कि भारत की सीमा और सैनिकों के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गृहमंत्री के पाकिस्तान और आतंकवाद से लड़ने वाले सैनिकों के सम्मान में दिए वक्तव्य पर पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भारत के खिलाफ किसी भी साजिश को नाकाम किया जाएगा। माई सिटी रिपोर्टर