नैनीताल। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती ने कुमाऊं मंडल के समस्त जिला स्तरीय शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह 30 सितंबर तक पूर्व की भांति ऑनलाइन पठन-पाठन जारी रखें। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर तक कोई भी विद्यालय नहीं खुलेगा।
डॉ. सती ने बताया कि मंगलवार को शिक्षा मंत्री अरविंद कुमार पांडे ने विभागीय समीक्षा बैठक के बाद उक्त निर्देश जारी किए हैं। कहा कि पूर्व में 21 सितंबर से कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल खोलने के निर्देश थे, लेकिन कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए शासन ने इस फैसले को रद्द कर दिया है। अब विद्यार्थी 30 सितंबर तक पूर्व की भांति घर से ही ऑनलाइन शिक्षण कार्य करेंगे। डॉ. सती ने समस्त प्रधानाचार्यों को ऑनलाइन शिक्षण कार्य की नियमित रूप से समीक्षा कर रिपोर्ट देने के भी निर्देश दिए हैं।