हल्द्वानी। उत्तराखंड शासन ने मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग के पांच वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए। सचिव रविनाथ रमन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभार ग्रहण करना होगा। रणजीत सिंह नेगी को नैनीताल के जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
विनोद प्रसाद सिमल्टी अपर शिक्षा निदेशक को अब उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर के साथ-साथ प्रभारी निदेशक माध्यमिक शिक्षा का दायित्व दिया गया है। कुंवर सिंह रावत अपर शिक्षा निदेशक को प्रभारी निदेशक प्रारंभिक शिक्षा और अपर राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। विनोद कुमार ढौंडियाल संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं सीईओ देहरादून को प्रभारी सचिव उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर बनाया गया है।
गोविंद राम जायसवाल उप शिक्षा निदेशक एवं सीईओ नैनीताल को जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा देहरादून के साथ प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून का प्रभार मिला। रणजीत सिंह नेगी उप शिक्षा निदेशक पौड़ी को जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा नैनीताल के साथ प्रभारी सीईओ नैनीताल एवं अपर परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा नैनीताल बनाया गया है।