मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच सोमवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश हुई। इससे नदी-नालों ने रौद्र रूप ले लिया। गौला ने चेतावनी का स्तर पार किया तो शेरनाला के उफान ने चोरगलिया मार्ग पर वाहनों के पहिये रोके। जिले की राष्ट्रीय, राज्य मार्ग सहित करीब छह सड़कें अवरुद्ध रहीं। नगर निगम की 25 टीमें दिन भर भ्रमण पर रहीं।
लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार को रकसिया नाला उफान पर रहा। शिव मंदिर के सामने मलबा भी आया। पानी के साथ आए पत्थराें को जेसीबी से हटाया गया। प्रशासन ने मुनादी कराकर लोगों से घर में ही रहने की अपील की। काठगोदाम के गौला नदी के किनारे सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, नगर निगम की टीम भी पहुंच गई। मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया। यहां तीन से चार परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। कलसिया नाला के उफान पर इसके आसपास रहने वाले लोग सहमे रहे। भांखड़ा में भी पानी का बहाव तेज रहा।
जगह-जगह जलभराव
सुरक्षा दीवार से बचा स्टेडियम
गौला नदी के तेज बहाव का असर गौला पुल के नीचे भी दिखा है। इस बार स्टेडियम की सुरक्षा दीवार की वजह से नदी का रास्ता दूसरी तरफ मुड़ गया। पुल के नीचे चल रहा चेकडैम का कार्य तेज बहाव से क्षतिग्रस्त हो गया। सुरक्षा दीवार से भी पानी रिसने लगा। यदि दो से तीन दिन यह स्थिति तो भू-धंसाव की भी संभावना है।
अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना
नहीं बंद होना चाहिए अधिकारियों का मोबाइल
डीएम का निर्देश है कि मार्ग में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना जरूरी है। उनके भोजन की भी व्यवस्था की जाए। यह ध्यान रखें कि कोई भी अधिकारी या आपदा से जुड़ा कर्मचारी अपना मोबाइल फोन बंद नहीं रखेगा। किसी भी आपात स्थिति में 05942-231178 एवं टोल फ्री नंबर (1077) पर जानकारी दी जाए।
प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सभी टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। जहां कटान की संभावना है, वहां से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अभी तक जन-धन की कोई हानि नहीं हुई है। गौलापुल के नीचे चेकडैम क्षतिग्रस्त हुए है। यहां भू-धंसाव का खतरा बना है। - राहुल शाह, एसडीएम हल्द्वानी
रात से लगातार हो रही बारिश से जन जीवन पर पड़ा असर
बारिश के कारण तापमान में सात डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई है। शहर का अधिकतम तापमान सात डिग्री लुढ़ककर 25.3 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम छह डिग्री लुढ़ककर 15.4 और न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हल्द्वानी में सोमवार को 82 मिमी बारिश
सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार दिनभर में हल्द्वानी में 82 मिलीमीटर पानी बरस चुका है। सोमवार सुबह आठ बजे तक नैनीताल में 24, बेतालघाट में 25, ओखलकांडा में 82, मुक्तेश्वर में 75 मिलीमीटर बारिश हुई थी।