रामनगर। लगातार बारिश के चलते रामनगर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शाम को कुछ देर बारिश रुकी तो लोग जरूरी सामान की खरीदारी करने पहुंचे।
बारिश से रामनगर के ज्वाला लाइन, बजाजा लाइन, कसेरा लाइन, सर्राफा चौक सहित सभी बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। रामनगर की सबसे व्यस्त रानीखेत रोड पर भी काफी कम लोग नजर आए।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि धनगढ़ी, पनोद, ढेला रपटा, कसेरूआ नाला, टेड़ा नाले उफान आने पर राहगीरों को रोका जा रहा है। बहाव कम होने पर लोगों को छोड़ जा रहा है।
लगातार होती बारिश की वजह से कोसी नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। कोसी बैराज के रिकॉर्ड के अनुसार शाम पांच बजे तक कोसी नदी का जलस्तर 29,697 क्यूसेक पहुंच गया था। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि नदी किनारे रहने वालों को लेकर अलर्ट कर दिया है।