हल्द्वानी। नगर में बुधवार को धूप के दर्शन नहीं हुए। दिनभर बादलों ने डेरा जमाए रखा। शाम को ठंडी हवाओं ने मौसम सर्द रखा। अधिकतर जगहों पर लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से बचाव किया।
मौसम विभाग के अनुसार तीन और चार फरवरी को भारी से भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया है।
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तीन और चार फरवरी को भारी से भारी बारिश, पर्वतीय जिलों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और ऊधमसिंह नगर में ओलावृष्टि की संभावना है। पांच और छह फरवरी को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
मुक्तेश्वर में पारा शून्य पहुंचा
हल्द्वानी। सर्द हवा और ठंड से मुक्तेश्वर में पारा शून्य पर पहुंच गया। यहां अधिकतम तापमान 13.9 और न्यूनतम पारा शून्य रिकॉर्ड हुआ। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान सात डिग्री घटकर 15 और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा।