लालकुआं। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग कार्य के कारण चार ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। रेलवे प्रशासन ने पिलखुआ-कुचेसर सड़क रेलखंड पर प्री-नॉन इंटरलॉक और नॉन इंटरलॉक कार्य के चलते यह निर्णय लिया है।
नौ जून को लालकुआं-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस (15059) का मार्ग बदला गया है। यह ट्रेन मुरादाबाद-रुड़की-देवबंद-गाजियाबाद के रास्ते चलेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह अमरोहा और हापुड़ स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। 16 जून को काठगोदाम-दिल्ली एक्सप्रेस (15036) भी इसी परिवर्तित मार्ग से गुजरेगी। यह अमरोहा स्टेशन पर नहीं ठहरेगी। आठ और 15 जून को लालकुआं-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (22544) लालकुआं से साठ मिनट देरी से रवाना होगी। इसके प्रस्थान का समय सुबह 7:45 बजे है। 16 जून को आनंद विहार टर्मिनस-लालकुआं एक्सप्रेस (15060) आनंद विहार टर्मिनस से दो घंटे पुनर्निर्धारित की गई है।