लालकुआं (नैनीताल)। काठगोदाम से देहरादून जाने वाली देहरादून एक्सप्रेस के एसी कोच में एसी ने काम करना बंद कर दिया। जिसके चलते ट्रेन के तीनों एसी कोच में यात्रियों को घुटन होने लगी। एक्सप्रेस ट्रेन के जंक्शन पर पहुंचते ही एसी कोच में सवार यात्रियों ने हंगामा किया और ट्रेन नहीं चलने दी।
ट्रेन के चलते ही यात्रियों ने कई बार चेन पुलिंग कर दी। इस दौरान रेलवे पुलिस से यात्रियों की कहासुनी भी हुई। लेकिन यात्री अपनी बात पर डटे रहे। अपने निर्धारित समय पर पहुंची ट्रेन एक घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। जिसके चलते अन्य यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में रुद्रपुर सिटी में एसी सुचारु किए जाने का आश्वासन मिलने पर ट्रेन रवाना हुई।
देहरादून एक्सप्रेस में लगे एसी कोच ने कूलिंग करना बंद कर दिया। ट्रेन के जंक्शन पर पहुंचने पर यात्रियों ने रेलवे पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। ट्रेन में सवार कुछ यात्रियों का कहना था कि देहरादून से काठगोदाम आते वक्त भी एसी कूलिंग कम कर रहा था। जिसकी शिकायत के बाद भी काठगोदाम में दिन भर खडे़ रहे एसी कोचों की मरम्मत नहीं की गयी। स्टेशन में ट्रेन को कई बार चलाने का प्रयास किया गया लेकिन गुस्साए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर एक्सप्रेस ट्रेन रोक दी।
इस दौरान रेलवे पुलिस ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन यात्री अपनी बात पर डटे रहे। विभाग की लापरवाही से ट्रेन को एक घंटा प्लेटफार्म पर खड़ा रहना पड़ा। बाद में विभागीय कर्मचारियों द्वारा काम चलाऊ व्यवस्था कर रुद्रपुर में व्यवस्था सुचारु किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई। इधर स्टेशन अधीक्षक आरबी शुक्ला का कहना है कि एसी कोच खराब होने की वजह से ट्रेन विलंब से रवाना हुई है। जिसकी सूचना मुख्यालय व मंडल कार्यालय को भेज दी है।
यात्रियों ने हंगामा करने से पहले कंट्रोल रूम में जाकर कार्यवाहक स्टेशन मास्टर मुकेश गुप्ता को अवगत कराया। सकारात्मक जवाब न मिलने पर यात्रियों ने शिकायत पंजिका की मांग की। एएसएम द्वारा शिकायत पंजिका नहीं देने पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया और नारेबाजी करने लगे। यात्रियों का कहना था कि रेल विभाग आए दिन रेल किराए में बढ़ोतरी कर रहा है। लेकिन सुविधा देने में फिसड्डी साबित हो रहा है। यात्रियों का कहना था कि इसकी शिकायत रेल मंत्रालय से की जाएगी।