भीमताल (नैनीताल)। ग्राफिक ऐरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित इंटर स्कूल बास्केटबाल और फुटबाल प्रतियोगिता में ग्राफिक ऐरा ने जीत दर्ज की। दोनों प्रतियोगिताओं में बीस स्कूल और कॉलेजों ने हिस्सा लिया।
विवि के खेल मैदान में फुटबाल का फाइनल मैच ग्राफिक ऐरा ‘ए’ और ग्राफिक एरा ‘बी’ के बीच खेला गया। ग्राफिक ऐरा ‘ए’ ने फाइनल मैच 2-1 से जीता। विजयी टीम को 11 हजार रुपये नकद एवं ट्राफी दी गई। फुटबाल में ग्राफिक ऐरा के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र शुभम भट्ट को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्पांसर भूपाल सिंह नेगी को गोल्डन बूट दिया गया। रेफरी आमिर और ललित रावत थे।
बास्केटबॉल मैच में ग्राफिक ऐरा और रामनगर के बीच फाइनल खेला गया। इसमें ग्राफिक ऐरा ने 39-38 अंक से मैच जीता। विजयी टीम को 11 हजार रुपये नकद और ट्राफी दी गई। बास्केटबॉल में ग्राफिक ऐरा के एमबीए के छात्र रामानुज तिवारी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उभरती हुई टीम का पुरस्कार सेंट जेवियर स्कूल नैनीताल को दिया गया। मैच के रैफरी मोनू, समीर थे। निर्णायकों को विवि के डीन प्रो. आरसीएस मेहता ने स्मृति चिह्न भेंट किए।
इस मौके पर डीन प्रो. आरसीएस मेहता, सहायक निदेशक डॉ. मनीष बिष्ट, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. एमसी लोहनी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी हरिशंकर ओली, बास्केटबाल इंचार्ज प्रो. कुलजिंदर सिंह बुमराह, फुटबाल इंचार्ज प्रो. मोहित पंत, गोविंद जेठी आदि मौजूद थे।