रामनगर (नैनीताल)। वन ग्राम के लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने और वन ग्राम को राजस्व ग्राम बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कॉर्बेट टाइगर रिजर्व कार्यालय तक जुलूस निकाला। सूचना पर पहुंचे एसडीएम गौरव चटवाल के माध्यम से वन ग्रामवासियों ने एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा।
वन ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष एस लाल ने कहा कि वन ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं के लिए लोग तरस रहे हैं। विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि उनकी सरकार ने वन ग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने की कार्यवाही शुरू कर दी है। हाल ही में मुख्यमंत्री से मिलकर उन्होंने इस मुद्दे को उठाया था।
जुलूस में ललित कड़ाकोटी, हरीश पंचपाल, दीवान राम, चंदन राम, पान सिंह रौतेला, वजीर अली, पुष्कर राम, खुशाली राम, गौरा देवी, बसंत लाल बर्थवाल, पवन कुमार, पृथ्वी राम, देवेंद्र सिंह आदि रहे।
मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी
भीमताल (नैनीताल)। विकास भवन परिसर में सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी, कर्मचारी संघ समन्वय समिति के आह्वान पर कर्मचारियों ने 18 सूत्री मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने गोल्डन कार्ड की कर्मियों समेत अन्य समस्याओं को जल्द दूर करने को कहा। प्रदर्शन में समिति के संयोजक विजय कुमार तिवारी, परिषद के अध्यक्ष असलम अली, हरेंद्र सिंह नेगी, रमेश कनवाल, आनंद सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह, नवीन पांडे आदि मौजूद रहे।
पारदर्शी रोटेशन के लिए निदेशक से मिले जिप्सी चालक
रामनगर (नैनीताल)। कार्बेट टाईगर रिजर्व में पर्यटन जिप्सियों के परिचालन में पारदर्शी रोटेशन प्रक्रिया जारी रखने की मांग को लेकर कॉर्बेट निदेशक से जिप्सी चालक से मिले।
कॉर्बेट निदेशक राहुल को दिए ज्ञापन में कहा गया कि ईडीसी के माध्यम से जारी किए गए जिप्सी परमिट को स्थायी किया जाए और इन जिप्सियों को भी रोटेशन प्रक्रिया में शामिल करते हुए चिट संख्या दी जाए। जिप्सी चालक के बीमार होने पर दूसरे चालक को जिप्सी चलाने की अनुमति दी जाए। इसके अलावा कई अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की है। वहीं कॉर्बेट निदेशक ने रोटेशन में आ रही कमियों को दूर करने के लिए एक माह का समय दिया है। निदेशक के आश्वासन पर जिप्सी चालक और जिप्सी स्वामी मान गए। ज्ञापन देने वालों में महेश जोशी, कमल अधिकारी, प्रेम मेहरा, गणेश, सुखविंदर सिंह, आनंद सिंह आदि रहे।