रामनगर (नैनीताल)। क्षेत्र के एक निजी स्कूल के मनमानी फीस मांगने का अभिभावकों ने विरोध किया है। सोमवार को अभिभावकों की स्कूल स्टाफ से झड़प भी हो गई। कुछ देर बाद अभिभावक अपने घर चले गए।
सोमवार को रामनगर के रानीखेत रोड स्थित एक निजी स्कूल के गेट पर कुछ अभिभावक अपने बच्चों की फीस जमा करने पहुंचे थे। इस दौरान स्कूल स्टाफ के इकट्ठा फीस जमा करने की बात कही गई, जिससे अभिभावकों की स्कूल स्टाफ से कहासुनी हो गई।
अभिभावकों ने कहा कि वह लॉकडाउन से लेकर अब तक की पूरी फीस कुछ किस्तों में जमा करने को राजी हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन पूरी फीस एकसाथ मांग रहा है। बताया कि पूरी फीस न देने पर बच्चों को पास नहीं करने की बात कही जा रही है। यहां अभिभावक शहाबुद्दीन, हेम जोशी, जकीर सैफी, भावना करकेती आदि मौजूद रहे।