नैनीताल। आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए रूसी-खुर्पाताल बाईपास के पुल की मरम्मत की उम्मीद जग गई है। शासन स्तर की बैठक के बाद इस कार्य को राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (एसडीएमएफ) से कराया जाएगा।
वर्ष 2018 में आई आपदा के दौरान बलियानाला समेत रूसी के समीप भू-धंसाव हुआ था। बाईपास के पास पुल और उससे लगे क्षेत्र में भी नुकसान हुआ था। आईआईटी रुड़की के विषय-विशेषज्ञों की ओर से किए सर्वे और सुरक्षात्मक उपाय के लिए दी राय के क्रम में इसे दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 11 करोड़ का प्रस्ताव बनाया गया था। इसे स्वीकृति के लिए शासन स्तर पर भेजा गया। हाल में मुख्य सचिव स्तर पर हुई बैठक में इसे एसडीएमएफ के तहत किया जाना है। शासन की ओर से इस बाबत जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। अब जिलाधिकारी स्तर से संस्तुति के बाद सुरक्षात्मक कार्य किए जाएंगे। लोनिवि के सहायक अभियंता जीएस जनौटी ने बताया कि आईआीटी रुड़की के विशेषज्ञों की सलाह के क्रम में पुल और इससे लगे क्षेत्र में बलियानाला व लोअर मॉल रोड की तर्ज पर भूमिगत एंकरिंग की जानी है।