प्राइवेट स्कूलों में बच्चों की छुट्टियां होने के साथ अभिभावकों ने सैर सपाटे की प्लानिंग शुरू कर दी है। सैर सपाटे में जाने पर अधिकांश लोग घरों को एक ताले के भरोसे छोड़ जाते हैं। ऐसे में चोर रैकी कर मौका देखते ही घर में हाथ साफ कर देते हैं। कई घटनाएं तो दिन दोपहर हो जाती हैं। घर कोे ताले के भरोसे छोड़कर सैर सपाटे पर जाने की प्लानिंग करने वालों के लिए नैनीताल जिला पुलिस ने गाइड लाइन जारी की है। थोड़ी सी एहतियात बरतकर आप सभी अपने घर को चोरों से सुरक्षित रख सकते हैं।
पारा तेजी से चढ़ रहा है। दोपहर में कालोनियों में सुनसानी छा रही है। सुनसानी में चोर सक्रिय होकर किसी न किसी बहाने रैकी करने के लिए कालोनियों में घूमते हैं। बंद मकान आसानी से चोरों के निशाने पर रहते हैं। गर्मी से बचने के लिए सभी घरों में एसी, कूलर और पंखे चलाते हैं। इससे चोरों के बंद मकान में दाखिल होने और ताले तोड़ने की आवाज नहीं सुनाई देती है। चोर आसानी से पूरे मकान में हाथ साफ कर रफू चक्कर हो जाते हैं। एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान के मुताबिक थोड़ी सी सावधानी से अपने घर के कीमती सामान को सुरक्षित कर सकते हैं।
-; घर से बाहर जाने पर पड़ोसियों को अवगत कराकर जाएं।
- अधिक दिनों तक घर से बाहर जाने पर किसी रिश्तेदार या पड़ोसी को घर में रहने के लिए बताकर जाएं।
- अखबार वाले को पेपर न डालने को बताकर जाएं।
- घर के गेट का ताला सामने से न लगाए। ताला अंदर से लगाने का प्रयास करें।
- रात्रि में घर के बाहर लाइट अवश्य जलवाएं।
- संभव हो सके तो नजदीकी पुलिस चौकी में सूचित कर जाएं।
- मोहल्ला समिति के रात्रि चौकीदार के पुलिस सत्यापन की जानकारी रखें।
- नजदीकी पुलिस चौकी के बीट कांस्टेबल का मोबाइल नंबर रखें और उसे भी नंबर दें।
- जेवरात एवं नगदी बैंक लॉकर में रखें। लॉकर न होने पर साथ में ले जाएं।
- आसपास में संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर पूछताछ अवश्य करें तथा कारण पूछें।
- किसी बाहरी व्यक्ति को ऐसा प्रतीत न होने दें कि आपके घर में कोई नहीं रह रहा है।
- शादी ब्याह में जेवरात एवं नकदी की देखभाल परिवार के सदस्य को सौंपें।