रामनगर। रामनगर प्रभाग के सीतावनी जोन को साल भर पर्यटकों के भ्रमण के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए विभागीय स्तर से उच्चाधिकारियों से रास्ते में पड़ने वाले बरसाती नाले पर पुल निर्माण की अनुमति मांगी है। उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद लोनिवि की मदद से यहां पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद जोन को साल भर खोला जा सकेगा।
सीतावनी जोन में मौजूद बरसाती नाले हर साल मानसून सीजन में उफान पर आ जाते हैं। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए जोन को हर साल 30 जून को बंद कर दिया जाता है। मानसून सीजन खत्म होने के बाद 30 अक्तूबर से जोन को पर्यटकों के लिए खोला जाता है। अब विभाग की ओर से जोन को साल भर खोलने की तैयारी की जा रही है। डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि कालीगढ़ी बरसाती नाले पर पुल बनाने की योजना है। इसको लेकर उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही लोक निर्माण विभाग की मदद से पुल निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
विधायक और डीएफओ से की थी पुल निर्माण की मांग
पिछले माह सीतावनी गाइड एसोसिएशन ने विधायक और डीएफओ को ज्ञापन सौंपा था। एसोसिएशन के अध्यक्ष दीप मलकानी ने बताया कि सीतावनी के कालीगढ़ी समेत अन्य बरसाती नालों पर पुल बनाने की मांग की गई थी। उन्होंने बताया कि पुल निर्माण होने से पर्यटकों को साल भर भ्रमण के आनंद के साथ ही पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों को भी फायदा मिलेगा।