हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में संक्रमण रोकने के लिए एडवांस सैनेटाइज मशीन स्थापित की गई है। ऑपरेशन से पहले डॉक्टर और स्टाफ को इस मशीन से हाथों को सैनेटाइज करना अनिवार्य होगा। मशीन का उपयोग आईपीडी में भर्ती मरीजों के तीमारदार भी कर सकेंगे ताकि रोगियों में संक्रमण का खतरा कम हो सके।
एसटीएच के सीएमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि फिलहाल, आईसीयू, ओटी और आकस्मिक विभागों में आठ ऐसी मशीनें लगाई जा चुकी हैं। एक मशीन की कीमत करीब सात से आठ लाख रुपये है। जल्द ही गायनी समेत अन्य विभागों में भी मशीनें लगने जा रही हैं।
मशीन में 35-40 सेकेंड की प्रक्रिया के दौरान पहले पानी से हाथ धोए जाते हैं फिर डिटर्जेंट लगाया जाता है। उसके बाद पानी से हाथ धोकर अंत में सैनेटाइज किया जाता है। मशीन की डिस्प्ले पर उपयोग का रिकॉर्ड दिखाई देता है। अस्पताल प्रशासन ने सभी डॉक्टरों और स्टाफ को इसका उपयोग अनिवार्य किया है। जल्द ही अन्य विभागों में भी ये मशीनें स्थापित की जाएंगी।