रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) के प्रसिद्ध ढिकाला जोन में पर्यटक जल्द ही वॉच टावर से लंबी दूरी तक प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठा सकेंगे। पार्क प्रशासन की ओर से ढिकाला में दो वॉच टावर को पर्यटकों के भ्रमण के लिए तैयार किया गया है। उचाधिकारियों से अनुमति मिलते ही वॉच टावर को पर्यटकों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
कॉर्बेट पार्क के ढिकाला जोन में पर्यटकों को लंबी दूरी तक जंगल का दृश्य दिखाने व प्राकृतिक सुंदरता का अहसास महसूस कराने के लिए दो वॉच टावर को तैयार किया है। इन वॉच टावर से पर्यटक लगभग दो वर्ग किलोमीटर तक जंगल को देख सकेंगे। इसके लिए पार्क प्रशासन ने ढिकाला के चौड़ में स्थित दो वॉच टावर नवीनीकरण कर सोलर फेंसिंग आदि का कार्य कराया है। पार्क के उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने बताया कि वॉच टावर को पर्यटकों के लिए शुरू करने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। अनुमति मिलते ही वॉच टावर को पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।