हल्द्वानी के कुंवरपुर चौराहे पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पीआरडी जवान घायल हो गया। बेस अस्पताल लाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
लदफोड़ा पद्मपुरी धारी निवासी पीआरडी जवान मनोज कुमार (36) नैनीताल में तैनात थे। बृहस्पतिवार शाम साढ़े सात बजे वह चोरगलिया स्थित ससुराल से बाइक पर नैनीताल जा रहे थे। कुंवरपुर चौराहे पर बाइक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे मनोज गंभीर घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक भाग गया। स्थानीय लोगों ने मनोज को 108 एंबुलेंस की मदद से बेस अस्पताल भेजा, जहां डाक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। मृतक के छोटे भाई राजेंद्र कुमार ने बताया मनोज की तीन बेटियां और एक बेटा है।
पुुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस बारे में काठगोदाम थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश कर रही है।