हल्द्वानी। शहर में ऑल एल्यूमिनियम एलॉय कंडक्टर (एएएसी) केबल से बिजली आपूर्ति होगी। इसके लिए यूपीसीएल को 12 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। मार्च तक 25 किलोमीटर की परिधि में 11 केवी लाइन में यह केबल खींची जाएगी। इसके बाद आंधी-तूफान में लाइनों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकेगा।
विद्युत वितरण खंड ग्रामीण डिवीजन कमलुवागांजा से आने वाली 11 केवी लाइन को अब एएएसी केबल में परिवर्तित करेगा। इसके तहत मुखानी चौराहा, नहर कवरिंग मार्ग, टीपीनगर, लालकुआं क्षेत्र में केबल खींची जाएगी। अधिशासी अभियंता बेगराज सिंह ने बताया कि केबल के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई है। जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मार्च तक केबल बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
यह होंगे फायदे
1. एएएसी केबल से आपूर्ति होने के बाद निर्बाध मिलेगी।
2. पेड़ों की टहनी आदि गिरने पर आपूर्ति बाधित नहीं होगी।
3. सड़क पर हादसों का खतरा नहीं रहेगा।
4. आबादी क्षेत्र के घरों को लाइनों से खतरा नहीं होगा।
5. आए दिन होने वाले फॉल्ट से निजात मिलेगी।