हल्द्वानी। बंदी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। हालांकि कोई भी इस बारे में मुंह खोलने को तैयार नहीं हैं। जेल प्रशासन ने मानवाधिकार को अपनी रिपोर्ट भेज दी है।
ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर कुंडेश्वरी निवासी बंदी की छह मार्च को मौत हो गई थी। घटना के बाद दो डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया था। बंदी के शरीर पर दो प्रकार के घावों के निशान पाए गए हैं। डॉक्टरों ने बिसरा जांच के लिए रख लिया है। कुछ घाव ताजा थे और कुछ पहले के मौजूद थे। बंदी की पत्नी का आरोप था कि जेल से जमानत पर छूटे राहुल ने उसे बताया था कि पति को जेल में पीटा गया। हालांकि जेल अधिकारियों ने पिटाई से इनकार किया है। इस मामले में बंदी की पत्नी मुकदमा दर्ज कराने के लिए हल्द्वानी कोतवाली गई थी लेकिन पुुलिस ने तहरीर लेने से मना कर दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट कोतवाली पुुलिस के पास पहुंच गई है लेकिन पुलिस रिपोर्ट के बारे में कुछ भी नहीं बता रही है। आशंका है कि रिपोर्ट में कुछ गंभीर तथ्य हैं। जांच में कई लोगों की गर्दन फंस सकती है। अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है कि चोट पुलिस हिरासत में लगी है या जेल में लगी है। डीएम के आदेश पर मौत मामले में मजिस्ट्रेटी जांच भी अभी शुरू नहीं हुई है।