हल्द्वानी त्योहरी सीजन के चलते मिठाई की दुकानों में छापेमारी करती खाद्य विभाग व नगर निगम की टीम।
हल्द्वानी। प्रशासन की ओर से बनी संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को मिठाई की चार दुकानों में ताबड़तोड़ छापे मारे। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चार दुकानों से मिठाई के सैंपल भरे और दो दुकान स्वामियों को गंदगी करने पर नोटिस दिया। उधर, नगर निगम की टीम ने पॉलिथीन और गंदगी मिलने पर दो दुकान स्वामियों पर नकद जुर्माना लगाया।
तहसीलदार प्रहलाद राम के नेतृत्व में बनी टीम सबसे पहले बीकानेर वाला दुकान पर पहुंची। टीम ने यहां से पतीशा मिठाई के सैंपल भरे। इसके बाद टीम साहूकारा लाइन स्थित कमल स्वीट की दुकान पर पहुंची। टीम ने यहां से गुलाब जामुन के सैंपल भरे। टीम ने पाया कि कमल स्वीट के गोदाम में गंदगी है और मिठाई बेतरतीब तरीके से फैली है। इस पर टीम ने कमल स्वीट को नोटिस दिया। भोलानाथ गार्डन स्थित बिष्ट स्वीट के कारखाने में गंदगी पाई गई। टीम ने यहां से पनीर का सैंपल भरा। साथ ही बिष्ट स्वीट स्वामी को नोटिस दिया।
उधर, गंदगी और पॉलिथीन मिलने पर नगर निगम की टीम ने बिष्ट स्वीट पर सात हजार रुपये जुर्माना लगाया। टीम ने कालाढूंगी रोड पर कपिलाज स्वीट का निरीक्षण किया। यहां से छेना टोस्ट के सैंपल भरे। टीम ने पॉलिथीन मिलने पर कपिलाज स्वीट मालिक पर पांच हजार का जुर्माना लगाया। टीम में तहलसीलदार के अलावा सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा, नंद किशोर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, अमोल असवाल आदि थे।