किच्छा। आवास विकास कॉलोनी में स्थित चक्रधारी मंदिर में स्व. रामजी लाल यादव और उनकी पत्नी सरदार कौर की मूर्तियों का अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक नारायण पाल आदि ने शिरकत की। बता दें कि सरदार कौर और रामजी लाल यादव मौजूदा राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह यादव के दिवंगत माता-पिता हैं। इस मौके पर दिन भर भंडारा चलता रहा।
किच्छा के चक्रधारी मंदिर में शनिवार सुबह पूजा के बाद दोनों की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। इस मौके पर पूर्व सीएम रावत ने कहा कि राजेंद्र यादव राजस्थान में जाकर किच्छा नगर का नाम रोशन कर रहे हैं।
वह अपने माता पिता के पदचिन्हों पर चलकर सामाजिक कार्यों सें जुड़े रहते हैं। इस मौके पर हुए भंडारे में बड़ी तादाद में लोगों ने हिस्सा लिया। वहां पर पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली, संजीव कुमार सिंह, राजकुमार ठुकराल, डॉ. गणेश उपाध्याय, विजय प्रकाश यादव आदि थे।
भाजपा कार्यकाल में खतरे में है खेती
किच्छा। पूर्व सीएम हरीश रावत ने आवास विकास कॉलोनी के गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में केंद्र सरकार की सद्बुद्धि के लिये मत्था टेककर अरदास की। इस मौके पर रावत ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में अन्नदाता किसानों की किसानी खतरे में है।
रावत ने कहा कि कोरोना के कारण देश की अर्थव्यवस्था की सेहत बिगड़ी तो किसानों ने अधिक उपज पैदा कर देश का साथ दिया और हौसला बढ़ाया। सरकार किसानों का का उत्साह बढ़ाने के बजाय उन्हें बर्बाद करने पर तुली है। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी ने रावत और वरिष्ठ कांग्रेसी तिलकराज बेहड़ को सरोपा भेंट किया। (संवाद)
जब आर्य ने रावत को लड्डू खिलाया
किच्छा। राजनैतिक गलियारों में कभी-कभी अजीब मौके आ जाते हैं। जब एक दूसरे के धुर विरोधी एक दूसरे के गले लग जाते हैं। शनिवार को राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री राजेंद्र यादव के आवास पर भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला।
कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने पूर्व सीएम हरीश रावत को लड्डू खिलाया। यादव के स्वर्गीय माता-पिता की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने शिरकत की थी। कार्यक्रम में प्रदेश के अन्य कई नेता भी मौजूद थे और बैठकर बातें कर रहे थे। इस बीच आर्य ने लड्डुओं की प्लेट उठाई और रावत के करीब पहुंच कर उनके मुंह में लड्डू डाल दिया।
बाद में रावत भी पीछे नहीं रहे उन्होंने भी लड्डू लेकर आर्य को खिलाया। धुर विरोधियों के इस तरह के व्यवहार को देखकर सभी दंग रह गए। यह वाकया दिनभर चर्चा में रहा और इसे लेकर राजनीतिक पंडित तमाम समीकरणों की कयासबाजी भी कर रहे हैं। (संवाद)
चक्रधारी मंदिर में मूर्ति का अनावरण करते हरीश रावत, तिलक राज बेहड़ व राजस्थान के राज्य मंत्री राज- फोटो : KITCHHA