रामनगर चोरी की बाइक सहित पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक पर घूम रहे बाइक सवार दो लोगों को पकड़ लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनसे चोरी की तीन और बाइकें बरामद की। मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि रामनगर कोतवाली क्षेत्र में कुछ समय से बाइक चोरी की घटनाएं हो रही थी और पुलिस चोरों की तलाश में लगी थी। एसआई मनोज कुमार चिल्किया चौराहे पर बृहस्पतिवार को चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान पीरूमदारा की ओर से एक बिना नंबर की बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। शक होने पर बाइक को रुकवाया तो दोनों भागने लगे। पुलिस ने दोनों को दौड़कर मौके से पकड़ लिया। बाइक के कागजात मांगने पर दोनों नहीं दिखा पाए।
पूछताछ में बाइक चोरी की निकली। दोनों ने अपना नाम आशु कुमार चौहान पुत्र जगदीश सिंह और अजय उर्फ हरीश पुत्र हरगोविंद सिंह निवासीगण निकट पीडब्लूडी कॉलोनी, कोतवाली बाजपुर जिला ऊधमसिंह नगर बताया। आरोपियों ने इस बाइक के अलावा तीन और बाइकें चोरी करने की बात कबूली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर आशु चौहान के घर के पास छिपाई चोरी की तीनों बाइकें बरामद की। बाइक चोरोें को पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाल अबुल कलाम, एसएसआई जयपाल चौहान, मनोज कुमार, सीपी तालिब हुसैन, महबूब अली, भूपेन्द्र सिंह, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
इन लोगों की बाइकें चुराई थी
एसएसआई जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि बाइक चोरों ने 2 दिसंबर को ईदगाह रोड से जावेद अख्तर, 9 नवंबर को मो. मोबीन निवासी खताड़ी, 2 नंबवर को कार्तिक बिष्ट निवासी छोई और बाजपुर से एक माह पहले दड़ियाल निवासी वसीम की बाइक चोरी की थी।