हल्द्वानी। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव का सियासी ड्रामा अभी थमा नहीं है। हंगामे के आसार को देखते हुए पुलिस को अलर्ट किया गया है। हल्द्वानी में पांच जिलों की पुलिस ने डेरा डाल रखा है। नैनीताल में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।
14 अगस्त को नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान भारी हंगामा हुआ था। रेनकोट पहने कार सवारों ने कांग्रेसियों से धक्का मुक्की की थी। साथ ही पांच जिला पंचायत सदस्यों को उठा ले गए थे। विरोध में कांग्रेस नेताओं ने नैनीताल में दिन भर हंगामा काटा।
15 अगस्त को हल्द्वानी में पुलिस बहुउद्देश्यीय भवन के बाहर धरना देकर विरोध जताया। शाम को भाजपा ने भी कोतवाली घेरने के बाद एसपी सिटी प्रकाश चंद्र को ज्ञापन सौंपा था। भारी विरोध और हंगामे को देखते हुए एहतियातन कुमाऊं की फोर्स को हल्द्वानी बुलाया गया है। चंपावत, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर के दारोगा और इंस्पेक्टर हल्द्वानी में 16 अगस्त से डेरा जमाए हुए हैं। एलआईयू भी पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।