रामनगर। ग्राम छोई व बैलपड़ाव में बीती 23 अक्तूबर को प्रतिबंधित मीट की अफवाह फैलाने वाले आरोपी का पुलिस ने बीते दिनों पता लगा लिया था। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य की तलाश कर रही है।
बीती 23 अक्तूबर को विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के लोगों को बरेली से प्रतिबंधित मांस लाने की जानकारी दी गई। हिंदूवादी संगठनों ने एक वाहन को बैलपड़ाव जबकि दूसरे को छोई में रोक लिया। वाहनों में मीट दिखते ही हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने बवाल किया था। वाहन चालकों की पिटाई कर वाहनों को संबंधित चौकी व कोतवाली के सुपुर्द कर दिया था। इस दौरान क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। मामले में वाहन चालक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने जांच के बाद 16 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गलत सूचना देने वाले आरोपी का पुलिस ने बीते दिनों पता लगा लिया था। पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ सबूतों की तलाश की जा रही है। सबूत मिलते ही पुलिस जल्द ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी। कोतवाल सुशील कुमार के मुताबिक गलत सूचना देने वाला जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।