हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा 24 दिसंबर को गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होगी। मंगलवार को जिले के प्रभारी मंत्री यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत समेत अन्य जन प्रतिनिधियों और अफसरों ने जनसभा के लिए कई स्थलों को देखा। बाद में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को इसके लिए मुफीद माना।
यतीश्वरानंद, बंशीधर भगत, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को जनसभा के लिए चयनित किया गया है। इसकी सूचना पीएमओ कार्यालय को भेजी गई है। निरीक्षण के दौरान मेयर जोगेंद्र रौतेला, विधायक नवीन दुम्का, राम सिंह कैड़ा, भाजपा महामंत्री संगठन अजेय, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्योति गैरोला, हेमंत द्विवेदी, डॉ. अनिल डब्बू, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे। इससे पहले टीम ने एमबी इंटर कॉलेज, मिनी स्टेडियम, बेरीपड़ाव केसर शुगर फार्म का भी निरीक्षण किया।
तैयारियों को लेकर बैठक
हल्द्वानी। प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर सर्किट हाउस में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम स्थल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं के साथ ही पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें। कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं मिलकर करना सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, सीडीओ संदीप तिवारी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विनीत अग्रवाल, केएमवीएन एमडी नरेंद्र भंडारी, एडीएम अशोक जोशी, एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र समेत आदि मौजूद थे।
पीएम का जिले में होगा पहला कार्यक्रम
हल्द्वानी। भाजपा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जुट गई है। भाजपा नेताओं के अनुसार एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जिले में पहला कार्यक्रम है। इससे पूर्व वह ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ आदि जिलों में आ चुके हैं। भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार जनसभा करीब 12 बजे शुरू होगी। लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम भी है। अल्मोड़ा, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले आदि जगहों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
भाजपा की 19 से शुरू होगी विजय संकल्प यात्रा
हल्द्वानी। भाजपा ने विपक्षी दलों से बढ़त बनाने के लिए हर स्तर पर कोशिश कर रही है। कुछ दिन पहले जन सुझाव रथों को रवाना किया गया है। इसके लिए सरकार की उपलब्धियों को हर विधानसभा में पहुंचाने की योजना है। नुक्कड़ सभा होगी। 19 दिसंबर से कुमाऊं में विजय संकल्प यात्रा भी बागेश्वर से शुरू होगी। राज्य सरकार के उपलब्धि बताने वाले होर्डिंग में शहर में काफी लगे हैं।