होली पर हो सके तो सूखे रंगों का प्रयोग करें क्योंकि पानी का संकट आपकी होली को फीका कर सकता है। होली के दिन (24 मार्च) जल संस्थान सुबह पेयजल आपूर्ति नहीं करेगा। हालांकि विभागीय अधिकारी पर्याप्त पानी देने का दावा कर रहे हैं और संकट होने पर 20 टैंकर भी रिजर्व में रखे हैं। होली के दिन 58 की जगह ग्रामीण और नगर में 65 एमएलडी पानी की आवश्यकता होगी।
होली के दिन पानी की आवश्यकता सामान्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा होती है। पिछले वर्ष होली के दिन 50 एमएलडी की जगह 55 एमएलडी पानी की खपत शहर में हुई थी। कई क्षेत्रों में रंग खेलने के बाद पानी न आने पर हंगामा भी हुआ था। शहर-ग्रामीण क्षेत्र में सामान्य दिनों में 58 एमएलडी पानी की आवश्यकता होती है। गौला से फिल्टर प्लांट (जल संस्थान) को 28 एमएलडी पानी मिलता है।
शेष आवश्यकता ट्यूबवेलों से पूरी होती है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि होली के दिन 65 एमएलडी पानी की आवश्यकता होगी। सुबह पेयजल आपूर्ति नहीं की जाएगी। पेयजल लाइनें पूरी तरह चार्ज होंगी और 11 बजे से 3.00 बजे दोपहर तक आपूर्ति की जाएगी। सभी ओवरहेड टैंकों को तैयार रखा जाएगा। किसी भी क्षेत्र में पानी का संकट होने पर 20 टैंकर रखे गए हैं। एक टैंकर किसी भी क्षेत्र में तीन चक्कर पानी बांट सकता है।
एक अप्रैल से बंद हो जाएंगे कनेक्शन
हल्द्वानी। एक अप्रैल से जल संस्थान पेयजल के नए कनेक्शनों पर रोक लगा देेगा। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके उपाध्याय ने बताया कि 31 मार्च तक लोग नए कनेक्शन का आवेदन कर कनेक्शन ले सकते हैं। कहा कि अवैध कनेक्शन कर पानी लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। कनेक्शनों पर रोक जून तक रहेगी। मानसून की स्थिति को देखते हुए नए कनेक्शन देने पर विचार किया जाएगा।
25 से बिल जमा करने को खुलेगा कार्यालय
हल्द्वानी। जल संस्थान में बकाया बिल जमा करने के लिए 25 मार्च से लगातार जल संस्थान कार्यालय खुलेगा। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके उपाध्याय ने बताया कि 23 और 24 मार्च को कार्यालय बंद रहेगा। 25 से अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक बिल जमा करने के लिए मौजूद रहेंगे। कहा कि जिन उपभोक्ताओं को बिल नहीं मिला है वे पुराने जमा बिल की छाया प्रति लेकर आ सकते हैं और बिल जमा कर सकते हैं।