पिथौरागढ़। मलबा आने से पिथौरागढ़ घाट राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। जिससे इस मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं। सड़क के रविवार तक खुलने की उम्मीद है।
इन दिनों पिथौरागढ़ से घाट तक बारहमासी सड़क कटिंग का काम चल रहा है। घाट के समीप दिल्ली बैंड के पास पहाड़ी दरकने से बार बार मलबा सड़क पर आ रहा है। इसके चलते यातायात अवरुद्ध हो जा रहा है।
शनिवार की शाम को दिल्ली बैंड के पास भारी मात्रा में मलबा आ गया। सड़क बंद होने से दोनों और दर्जनों की संख्या में वाहन मार्ग पर फंसे हुए हैं। इनमें राशन सहित अन्य जरूरी सामान ला रहे ट्रक भी शामिल हैं।
मौके पर मौजूद ठेकेदार प्रकाश जोशी ने बताया कि सड़क से मलबा हटाने के लिए एनएच ने दोनों ओर से पोकलैंड और जेसीबी लगाई हैं लेकिन पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण मलबा हटाने का काम बाधित हो रहा है।