यातायात नगर से दिनेशपुर मदकोटा तक रामपुर रोड के चौड़ीकरण की योजना बनी तो लोगों को लगा कि परेशानी का सफर कम होगा और सुबह-शाम लगने वाले जाम से भी निजात मिल जाएगी। पर सिस्टम की लेटलतीफी और विभागों में समन्वय की कमी ने डेढ़ साल की इस योजना को पंचवर्षीय बना दिया है। सड़क के दोनों किनारे डेढ़ फीट खोद दिए गए हैं। दिन भर उड़ती धूल राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दिक्कत खड़ी कर रही है तो वहीं रात के अंधेरे में हादसे का अंदेशा बना हुआ है।
जलसंस्थान भी बजट पर कुंडली मारे बैठा रहा
यातायात नगर से बेलबाबा तक पानी की लाइन शिफ्टिंग के लिए ब्रिडकुल एक साल पहले जलसंस्थान को 2.17 करोड़ रुपये दे चुका है। इसके बाद भी जल संस्थान ने दो महीनेे पूर्व ही पेयजल लाइन बिछाने का काम किया। अभी तक इस नई लाइनों से लोगों को पेयजल कनेक्शन नहीं दिए हैं। इस कारण सड़क चौड़ीकरण में लोगों की पेयजल लाइनें टूट रही हैं। लोगों को इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की पेयजल लाइनें 15-15 दिन से टूटी पड़ी हैं।
सड़क किनारे पड़े हैं गिल्टे
वन विभाग की ओर से रामपुर रोड पर कई पेड़ काटे गए हैं लेकिन विभाग इन्हें उठाने की जहमत तक नहीं कर रहा है। रात के समय यह हादसे का कारण बन सकते हैं। समाज कल्याण निदेशालय की ओर जाने वाले मार्ग के पास ही पेड़ के कटे गिल्टे पड़े हैं। यही हाल एसटीएच के पास भी है।
17 तक शटडाउन लिया
टीपीनगर से फूलचौड़, फुटकुआं के अंतर्गत वन विभाग की ओर से खतरनाक पेड़ों को काटने के दौरान बिजली विभाग ने नौ अक्तूबर से शटडाउन शुरु किया था जो 17 अक्तूबर तक चलेगा। इसका खामियाजा भी जनता को झेलना पड़ रहा है।
इधर, ठेकेदार की लापरवाही ग्रामीणों पर पड़ रही भारी
ग्राम सभा छोटी हल्द्वानी में पेयजल लाइन बिछाई जाने वाले ठेकेदार की लापरवाही कभी किसी ग्रामीण की जान पर भारी पड़ सकती है। विभाग ठेकेदार की इस लापरवाही पर ध्यान नहीं दे रहा है। छोटी हल्द्वानी गांव में जल संस्थान की ओर से पेयजल लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत 161 लाख से पूरी ग्राम सभा में पांच किलोमीटर लाइन बिछाई जानी है जिससे गांव के 193 परिवार लाभान्वित होंगे।
इस कार्य को कर रहे ठेकेदार ने गांव की सड़क को खोदकर पेयजल लाइन डालकर मिट्टी से ढक दिया गया है। अब उस मिट्टी से उठ रही धूल से ग्रामीणों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। सड़क से उठ रही धूल से लोगों को बीमार करने के साथ घरों को भी बदसूरत कर रही है। ठेकेदार की ओर से लाइन बिछाने के दौरान लोनिवि की सड़क को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया है लेकिन संबंधित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इधर जल संस्थान के खगेंद्र जोशी का कहना है कि गांव में जहां भी यह समस्या बनी हुई है उसे ठेकेदार से ठीक करने को कहा जाएगा।
ये हैं जिम्मेदार, अपनी जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं-
वन निगम के डीएलएम पंकज शर्मा से जब पेड़ कितने काटे जाने हैं इस बारे में पता किया तो बोले धर्मकांटे के पास पांच पेड़ और काटे जाने हैं। उधर वन निगम की टीम पंचायत घर के आसपास पेड़ काटते दिखाई दी। सुशीला तिवारी अस्पताल की तरफ भी खतरनाक श्रेणी के 65 पेड़ हैं जिनको काटने का काम शुरू किया गया है। यह काम दस दिन में पूरा करने का लक्ष्य हैं।
विद्युत विभाग ने अभी तक बिजली की लाइन शिफ्ट करना शुरू नहीं किया है। हालांकि विभाग ने कई जगह पोल खड़े कर दिए हैं। लेकिन इसमें तार नहीं खींचे गए हैं। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता डीडी पांगती ने कहा कि जब तक पेड़ नहीं काटे जाएंगे तब तक बिजली की लाइन शिफ्ट नहीं हो सकती है।
सड़कें खोदी, सुरक्षा मानकों का हो रहा है खुला उल्लंघन
ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक आकाशदीप भट्ट जिन पर पूरे परियोजना की जिम्मेदारी है। अपनी जिम्मेदारी अच्छे से नहीं निभा रहे हैं। सड़क जहां-तहां खोदी गई हैं। सुरक्षा मानकों का उल्लघंन हो रहा है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। किसी की जान तक जा सकती है। प्रबंधक दावा कर रहे हैं कि सुरक्षा मानक पूरे हैं। 50 प्रतिशत काम पूरा हो गया है जबकि स्थिति इसके उलट है।
रामपुर रोड एक नजर