कमेड़ीदेवी के सेरी में मरीज का परीक्षण करते डॉ. अंकित। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कमेड़ीदेवी के भंतोला और सेरी में अचानक लोगों की तबीयत खराब हो गई। लोग उल्टी और बुखार से पीड़ित थे। क्षेत्र पंचायत सदस्य की पहल पर दोनों गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों का इलाज किया गया।
जाखनी के क्षेत्र पंचायत सदस्य जोगा सिंह मेहता ने बताया कि मंगलवार को उन्हें सेरी और भंतोला में लोगों के उल्टी और बुखार से पीड़ित होने की जानकारी मिली। उन्होंने यह मामला विधायक बलवंत सिंह भौर्याल के सामने रखा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश पोखरिया को भी जानकारी दी। डॉ. पोखरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को डॉ. अंकित की अगुवाई में स्वास्थ्य टीमें दोनों गांवों में भेजीं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य ने बताया कि दोनों गांवों में करीब 20 लोगों को उल्टी हो रही थी। कई लोग मौसमी बुखार से भी पीड़ित थे। कुछ को दांत दर्द की भी शिकायत थी। डॉ. अंकित ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें दवा दी। डॉ. अंकित ने बताया कि हालात काबू में हैं। लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा है। इधर, कांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश पोखरिया का कहना है कि कुछ लोगों को उल्टी हो रही थी। अधिकतर लोगों को बुखार और दांत दर्द की शिकायत थी। उल्टी होने के पीछे की वजह क्या है, इस संबंध में कुछ नहीं कहा जा सकता।