हल्द्वानी। नैनीताल जिले के 10500 पेंशनरों के 22 करोड़ रुपये आरबीआई के पास फंस गए हैं। पेंशनरों के पास मैसेज तो आया लेकिन खाते में पेंशन की रकम नहीं आई। इसके चलते पेंशनर ट्रेजरी के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं। उधर, सहायक कोषाधिकारी ने डाटा सेंटर को मेल भेजकर पेंशन को जारी करने की मांग की है।
दो मई को पेंशनरों के मोबाइल में पेंशन जारी होेने मैसेज आया। पेंशनर जब पेंशन की रकम निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें पता चला कि पेंशन तो अभी आई ही नहीं है। इसके बाद तीन मई को ईद की छुट्टी हो गई। कई पेंशनर बुधवार को फिर बैंक पहुंचे लेकिन पेंशन नहीं आई। बैंक अधिकारियों ने ट्रेजरी में पता करने के बात कही। उधर, बुधवार को कई पेंशनर ट्रेजरी पहुंचे। जब ट्रेजरी के अधिकारियों ने इस मामले को दिखवाया तो पता चला कि यह पैसा आरबीआई के पास फंसा हुआ है। इसके बाद अधिकारियों ने इस पैसे को जारी करने के लिए पत्र जारी किए।
रामनगर से पहुंचे 87 साल के बंशीलाल ने बताया कि वह दो दिन से बैंक के चक्कर काट रहे हैं। बैंक ने बताया कि पेंशन खाते में नहीं आई है और ट्रेजरी से संपर्क करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि वह ट्रेजरी में पता करने आए हैं। ट्रेजरी के अधिकारियों ने बताया कि सुबह से करीब 135 लोग अपनी पेंशन की जानकारी लेने कार्यालय में आ चुके हैं।
कोट-
दो मई को 10500 पेंशनरों के लिए 22 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए। इनके पास मैसेज भी पहुंच गए लेकिन तकनीकी खामी के कारण आरबीआई के पास यह पैसा अटक गया और यह पैसा पेंशनरों के खाते में नहीं जा सका। इसके लिए डाटा सेंटर को मेल भेजी गई है। एक दो दिन में पेंशनरों के खाते में पेंशन आ जाएगी। - कृष्ण चंद्र भगत, सहायक कोषाधिकारी