नैनीताल। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने कार्यकाल के दौरान नैनीताल में ही नहीं बल्कि इसके आसपास के छोटे छोटे पर्यटक स्थलों में भी पार्किंग निर्माण की घोषणा की थी। उम्मीद थी कि सीएम की इस घोषणा पर अमल होगा लेकिन मामला फाइलों से बाहर नहीं निकला। नैनीताल को छोड़ आसपास के किसी भी पर्यटक स्थल में पार्किंग निर्माण की कवायद आज तक शुरू नहीं हुई है।
पर्यटक सीजन के दौरान पार्किंग और जाम की समस्या से नैनीताल ही नहीं जूझता बल्कि भीमताल, नौकुचियाताल, भवाली, कैंची, रामगढ़ और मुक्तेश्वर में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और वाहन सड़कों पर रेंगते हुए नजर आते हैं। घंटे भर का सफर तय करने में सैलानियों को चार से पांच घंटे तक लग जाते हैं। पिछले साल तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सूखाताल में आयोजित एक कार्यक्रम में नैनीताल के कलेक्ट्रेट परिसर समेत भीमताल, भवाली और आसपास के शहरों में पार्किंग निर्माण की घोषणा की थी। कहा था कि अलग अलग स्थानों पर कुल 1000-1200 वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था की जाएगी।
तत्कालीन सीएम की घोषणा के अनुरूप और डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल के प्रयासों के बाद नैनीताल के कलेक्ट्रेट परिसर में मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण की कवायद शुरू हुई है। यह पार्किंग जिला जजी के सामने कर्मचारी आवास को तोड़कर बनाई जा रही है। इसके अलावा भवाली व भीमताल में अभी तक नए पार्किंग स्थल निर्माण की दिशा में कोई पहल नहीं हुई है। ऐसे में जब तक यहां नए पार्किंग स्थल विकसित नहीं होते सैलानियों के साथ साथ स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना ही पड़ेगा।
शहर पार्किंग संख्या क्षमता
नैनीताल 05 1200
भीमताल 01 25
भवाली 0 0
मुक्तेश्वर 0 0
रामगढ़ 0 0
सातताल 0 0
नौकुचियाताल 0 0