नैनीताल। मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश से सैनिक स्कूल के पीछे चाइना पीक-किलबरी मार्ग पर बनी सुरक्षा दीवार तेज बारिश के बीच भरभराकर ढह गई। दीवार का मलबा और बड़े-बड़े पत्थर रिहायशी क्षेत्र की ओर जा गिरे। इससे मार्ग बंद हो गया और आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासी राजीव दुबे ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे अचानक तेज आवाज सुनाई दी। वह उठकर बाहर आए, तब तक पत्थर घर के दरवाजे तक पहुंच चुके थे। उन्होंने बताया कि दीवार टूटने के बाद क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा और बढ़ गया है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। बताया कि घटना की सूचना लोनिवि को दे दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र में सुरक्षा दीवार का एक हिस्सा टूट चुका है। बार-बार सुरक्षा दीवारों के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान कमजोर सुरक्षा दीवारें कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। लोनिवि के ईई रत्नेश सक्सेना ने बताया कि मार्ग में आए पत्थरों और मलबे को हटा दिया गया है। बताया कि जल्द ही सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाएगा।