हल्द्वानी। शहर स्थित शहीद स्मारक स्थल झंडा पार्क में शनिवार शाम संकल्प सभा हुई। भारतीय तटरक्षक बल से सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमांडेंट आरपी सिंह समेत पूर्व सैनिकों ने देश के वर्तमान हालात पर चर्चा की।
वक्ताओं ने कहा, पाक परस्त आतंकवादियों ने पहलगाम में निंदनीय घटना को अंजाम देते हुए निर्दोषों को मारा। जवाब में भारत ने पाकिस्तान को सबक सिखाया। जवाबी कार्रवाई से डरकर पाक ने सीज फायर किया है। संकल्प सभा में नेवी, आर्मी, एयरफोर्स, कोस्ट गार्ड, सीएपीएफ और असम राइफल्स के पूर्व सैनिक शामिल हुए। भारी संख्या में महिलाएं व बच्चे भी शामिल रहे। सभी पूर्व सैनिकों ने यह संकल्प लिया कि वह भारत के साथ हर मोर्चे पर खड़े रहेंगे। कहा कि आने वाले समय में सिविल डिफेंस, लोकल मिलिट्री कैंट या स्टेशन में संबद्धता या बॉर्डर पर भागीदारी देनी हो तो वे सभी तैयार हैं। शासन, प्रशासन तथा सेना को यह संदेश भी भेजा गया। सभा में पूर्व सैनिक आनंद सिंह ठठोला, सुरेंद्र सिंह रौतेला, डीएस बिष्ट, सीएस डांगी, सुरेश चंद्र मठपाल, एस शाह आदि रहे।