मानसून आते ही वन विभाग भी सतर्क हो गया है। इसके तहत वन विभाग ने शनिवार को आमडंडा से मोहान 22 किमी तक वाहनों से फ्लैग मार्च किया। इसका शुभारंभ कार्बेट नेशनल पार्क के निदेशक समीर सिन्हा ने किया।
शनिवार को रामनगर वन प्रभाग, तराई पश्चिमी वन प्रभाग समेत तीनाें वन प्रभाग के वन कर्मियाें ने मोटर साइकिल और जीप से मार्च किया।
इस दौरान निदेशक समीर सिन्हा ने बताया कि जंगलों की सड़कें खराब होने और झाड़ियों के बढ़ने से शिकारी पार्क के साथ ही अन्य प्रभागों में चोरी-छिपे घुसते हैं।
इससे निपटने के लिए दर्जन से ज्यादा गश्ती दलों में पैदल और हाथियों से जंगलों की निगरानी में जुटे हैं। आपरेशन सितंबर तक चलेगा।
जंगलों में सुरक्षाकर्मी 15 किमी तक गश्त कर रहे हैं। सैलानियों को पार्क में घुमाने वाले हाथी भी पेट्रोलिंग के काम आ रहे हैं। इस बार पहली बार रात में भी गश्त की जा रही है।
पार्क के सुरक्षाकर्मियों की टीमों को एक किट दी गई है। इसमें दूरबीन, डिजीटल कैमरा, बंदूक, जीपीएस सिस्टम और मेडिकल किट है।
पार्क निदेशक समीर सिन्हा के मुताबिक वन्य जीवों की सुरक्षा के अलावा आपरेशन का मकसद मानसून के समय पार्क के भीतर चल रहे बदलावों पर भी नजर रखना है।
इस मौके पर संजय पांडे, निर्मल पांडे, मथुरा सिंह मेवाड़ी, राजेंद्र सिंह चकरायत, ओमराज सिंह, संजीव आर्य आदि मौजूद रहे।