नैनीताल में मनचलों की धुनाई करती युवती।
- फोटो : Amar ujala
अभद्र टिप्पणी कर कार से भागे नशे में धुत दो मनचलों से एक ‘मर्दानी’ युवती अकेले ही भिड़ गई। उसने किराये की बाइक से दो घंटे पीछा कर उन्हें माल रोड पर पकड़ लिया और लात घूंसों से जमकर पीटा। हंगामे की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों का चालान कर दिया है।
शहर निवासी प्रतिमा राठौर उर्फ गुड्डी बुधवार को माल रोड पर बैंक से रुपये निकालने गई थी। बैंक के पास खड़े नशे में धुत दो मनचले युवकों ने युवती पर अश्लील टिप्पणी की। इससे गुस्साई युवती जब जवाब देने युवकों के पास गई तो दोनों इनोवा कार में बैठकर रफूचक्कर हो गए।
अश्लील टिप्पणी से आहत युवती ने दोनों को सबक सिखाने के लिए तुरंत एक बाइक 200 रुपये में किराये पर ली और उनकी तलाश करना शुरू कर दिया। लगभग दो घंटे तक जिस रास्ते से युवक भागे थे वह उन्हें ढूंढती रही। इस बीच युवती को वापस माल रोड पर ही दोनों युवक दिख गए।
उन्हें देखते ही युवती ने दोनों को पकड़कर लात घूंसों से धुनना शुरू कर दिया। दो युवकों को एक युवती द्वारा सरेआम पिटता देख सड़क पर तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। हंगामे की सूचना पर तल्लीताल थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने दोनों मनचलों हीरा सिंह और दीवान सिंह निवासी जू रोड नैनीताल को हिरासत में ले लिया। दोनों का पुलिस एक्ट में चालान कर दिया गया। तल्लीताल पुलिस ने बताया कि नशे में होने के कारण दोनों का मेडिकल भी कराया गया। उधर लोगों ने युवती की इस हिम्मत काफी सराहना की।