एक तारीख, दो इम्तिहान। नैनीताल के खिलाड़ियों के सामने 24 सितंबर से यही स्थिति बनने जा रही है। रुद्रपुर में सांसद चैंपियनशिप शुरू हो रही है और दूसरी ओर निजी विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले अंडर-14 और अंडर-19 के खिलाड़ियों के सामने अब परीक्षा और प्रतियोगिता में से एक चुनने की दुविधा है। युवा कल्याण विभाग ने परीक्षा के बाद प्रतियोगिता में पहुंचने या दोनों में से किसी एक का चयन करने का विकल्प दिया है।
चार दिवसीय सांसद चैंपियनशिप बृहस्पतिवार से रुद्रपुर में शुरू होगी। इसमें अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में नैनीताल जिले के 100 से ज्यादा बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। फुटबाल में जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 14-14 खिलाड़ी और बैडमिंटन में तीन-तीन खिलाड़ी चयनित किए गए हैं। 24-25 सितंबर को बालकों और 26-27 सितंबर को बालिकाओं के फुटबाल व बैडमिंटन मैच होंगे। विद्यालयों में परीक्षाओं की तारीखें इन खेल आयोजनों से टकरा रही हैं।
समन्वय सरकारी से और परीक्षा निजी स्कूलों में
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र की प्रतियोगिताओं की तारीख ऊधमसिंह नगर से तय होती है। अधिकारियों के अनुसार तारीखें शिक्षा विभाग से समन्वय बनाकर तय की गई हैं जबकि अधिकतर खिलाड़ी निजी विद्यालयों के हैं। विभाग का सुझाव है कि खिलाड़ी परीक्षा संपन्न होने के बाद दोपहर में प्रतियोगिता में आ सकते हैं या दोनों में से किसी एक का चयन करें। अभिभावकों का कहना है कि परीक्षा के बाद थके हुए खिलाड़ी कैसे प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
सांसद चैंपियनशिप का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। छात्र-छात्राएं परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं। अन्यथा उन्हें परीक्षा या प्रतियोगिता में से एक का चयन करना होगा।
-भूपेंद्र सिंह रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी, ऊधमसिंह नगर
विद्यार्थियों के लिए परीक्षा और प्रतियोगिता दोनों जरूरी हैं। दोनों की तारीखों में टकराव से छात्र-छात्राओं को परेशानी होगी। इस संबंध में युवा कल्याण विभाग से वार्ता की जाएगी।
-ललित मोहन रयाल, डीएम और सांसद चैंपियनशिप में नैनीताल संसदीय क्षेत्र के अध्यक्ष