जनकवि गिरीश तिवारी गिर्दा की पांचवीं बरसी पर होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है। गिर्दा स्मृति मंच के संयोजक महेश जोशी ने बताया कि पहले चरण में 19 से 21 अगस्त को नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में परंपरा के संपादक बृजमोहन जोशी और अनिल कार्की की ओर से स्लाइड शो व वृत चित्रों के माध्यम से गिर्दा के व्यक्तित्व के बारे में बताया जाएगा।
कार्यक्रम में यशपाल रावत, दिव्या पाठक और वीरेंद्र पाल सहयोग करेंगे। दूसरे चरण में 22 अगस्त को दोपहर साढ़े तीन बजे से क्रांति चौक तल्लीताल में गिर्दा के जनगीतों को गाते हुए एक सांस्कृतिक जुलूस शैले हाल मल्लीताल को प्रस्थान करेगा।
शैले हाल में शाम छह बजे से दो फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इसमें राजीव कटियार द्वारा निर्देशित फिल्म वसीयत है। बनारस में फिल्माई गई इस फिल्म में अधिकांश कलाकार नैनीताल के ही हैं। दूसरी मजदूरों के संघर्ष पर केंद्रित फिल्म शार्ट आफ द अर्थ है।
उन्होंने बताया कि 23 अगस्त 2015 को शैले हाल में ही गिर्दा की कविताओं के साथ ही विभिन्न नाटकों का मंचन किया जाएगा।
इसमें युग मंच के बाल कलाकारों की प्रस्तुति गोल्डन टच, लघुकथाओं की प्रस्तुति समय का पहिया चलता जाए, निर्मल वर्मा की कहानी डेढ़ इंच ऊपर, राम सिंह और राजा के सींग शामिल हैं।
कार्यक्रम को संचालित करने में जहूर आलम, हरीश राणा, मंजूर हुसैन, राजेश आर्य, दिव्या पाठक, महेश जोशी, अनिल कार्की, जुल्फीकार सिद्दीकी, बृजमोहन जोशी, पवन, मुकेश व मदन मेहरा आदि जुटे हैं।