भीमताल (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक में शनिवार शाम को हुई मूसलाधार बारिश से ओखलकांडा-खनस्यूं मार्ग में जगह-जगह मलबा आ गया। सड़क बंद होने से यातायात ठप हो गया है।
विज्ञापन
इससे ब्लॉक मुख्यालय समेत खनस्यू, करायल, जमराड़ी, टकुरा, पैटना समेत कई गांवों का संपर्क बाहरी क्षेत्रों से कट गया है। सड़क बंद होने से कई वाहन रास्तों में ही फंसे हैं। वहीं हल्द्वानी से वंदेमातरम ग्रुप के लोग दवाइयां और चिकित्सा संबंधी उपकरण देने के लिए ओखलकांडा अस्पताल जा रहे थे, जो रास्ते में फंसे हैं। क्षेत्र के बीडीसी सदस्य रवि गोस्वामी ने बताया कि शनिवार को ओखलकांडा के खनस्यू क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। इससे ओखलकांडा-खनस्यूं मार्ग में भारी मात्रा में मलबा आने से सड़क बंद हो गई है।
उन्होंने बताया कि मार्ग बंद होने की जानकारी लोनिवि के अधिकारियों को दे दी है। कहा कि उन्होंने वंदेमातरम ग्रुप के शैलेंद्र दानू, अभिनव वार्ष्णेय, हिमांशु उप्रेती, प्रमोद बिष्ट, योगेंद्र रौतेला के साथ मिलकर सड़क के मलबा को हटाने की कोशिश की लेकिन अधिक होने के चलते मार्ग नहीं खोल पाए।