नैनीताल। पर्यटन सीजन के चरम पर ऊर्जा निगम की ओर से वीकेंड पर प्रस्तावित सात घंटे की बिजली कटौती का स्थानीय व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया है। मां नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने 10 और 11 मई को बाजार क्षेत्र और मॉल रोड में कटौती पर कड़ी आपत्ति दर्ज की है।
व्यापार मंडल का कहना है कि लॉपिंग और रखरखाव के नाम पर पीक सीजन में रविवार और सोमवार को बिजली गुल रखना पूरी तरह गलत है। यह निर्णय बिना सोचे-समझे लिया गया प्रतीत होता है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने बताया कि नैनीताल पर्यटकों से भरा है और सुविधाओं पर भारी दबाव है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस की कमी के कारण अधिकांश रेस्टोरेंट और होटल भोजन तैयार करने के लिए बिजली उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में सात घंटे बिजली न रहने से पर्यटकों को भारी असुविधा होगी और व्यापारियों का काम पूरी तरह ठप हो जाएगा। टंडन ने संबंधित अधिकारियों से इस फैसले को तुरंत बदलने का आग्रह किया है।